चारों तहसीलों में गूंजी जनगणना पारिश्रमिक भुगतान की मांग, शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन
बस्ती। जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लंबित पारिश्रमिक का शीघ्र भुगतान कराने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने सोमवार को जिले की चारों तहसीलों में ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष चंद्रिका सिंह और जिलामंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि दो दिनों के भीतर भुगतान नहीं होने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
बस्ती सदर, भानपुर, रुधौली और हर्रैया तहसील में शिक्षक नेताओं के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडलों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षक नेताओं ने कहा कि जनगणना कार्य में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाई, लेकिन पारिश्रमिक भुगतान में अनावश्यक देरी की जा रही है।
भानपुर तहसील में तहसीलदार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि सल्टौआ ब्लॉक के कार्मिकों का भुगतान मंगलवार को बैंक भेज दिया गया है, जबकि शेष ब्लॉकों के कार्मिकों का पारिश्रमिक भी आगामी दो दिनों में जारी कर दिया जाएगा।

