जीएसटी की विसंगतियों को लेकर व्यापारियों ने वित्त मंत्री को भेजा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
जीएसटी के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं: हरि मूर्ति सिंह ‘मनोज’
बस्ती। जीएसटी व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बस्ती मंडल अध्यक्ष हरि मूर्ति सिंह ‘मनोज’ के नेतृत्व में व्यापारियों ने आयुक्त उपेन्द्र यादव के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जीएसटी विभाग के कुछ अधिकारी तकनीकी त्रुटियों और मानवीय भूलों को आधार बनाकर व्यापारियों के खिलाफ अनावश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि पर्याप्त कर जमा करने के बावजूद जुर्माना लगाया जा रहा है, जिससे उनका उत्पीड़न हो रहा है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
हरि मूर्ति सिंह ‘मनोज’ ने कहा कि सचल दलों का उद्देश्य कर चोरी रोकना है, न कि ईमानदारी से कर जमा करने वाले व्यापारियों को छोटी-छोटी कमियों के आधार पर परेशान करना। उन्होंने ऐसी कार्रवाइयों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
जिला संगठन महामंत्री भरत राम अग्रहरी ‘बबलू’ ने कहा कि 40 लाख रुपये तक के वार्षिक कारोबार वाले व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण से छूट होने के बावजूद छोटे व्यापारियों पर पंजीकरण कराने का दबाव बनाया जा रहा है। युवा जिला अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव ने एसआईबी जांच पूरी होने से पहले ही व्यापारियों पर कर जमा कराने के दबाव को अनुचित बताया।
नगर अध्यक्ष राणा महेंद्र प्रताप ने जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये के बीमा की मांग की। उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष कमलेश चौधरी ने पंजीकृत व्यापारियों को डिजिटल कार्यों के लिए लैपटॉप और आवश्यक सॉफ्टवेयर निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग उठाई। जिला उपाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता ने विलंब से जीएसटी भुगतान पर लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 6 प्रतिशत करने की मांग की।
युवा जिला महामंत्री सत्य प्रकाश दुबे ने जीएसटी अधिनियम में जेल की सजा समाप्त कर केवल आर्थिक दंड का प्रावधान किए जाने की मांग की। युवा जिला संगठन महामंत्री संजय सिंह ने तैयार तंबाकू और तंबाकू पत्ते पर जीएसटी दरों की विषमता समाप्त करने की बात कही।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष वंदना वर्मा ने अतिरिक्त आईटीसी और जीएसटी रिफंड को रिटर्न दाखिल होने के बाद स्वतः व्यापारी के खाते में भेजने तथा रिफंड में देरी होने पर ब्याज दिए जाने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष आकाश सोनी, नगर मंत्री अवधेश निषाद, नगर संगठन मंत्री संजय गुप्ता, जिला महामंत्री सत्यम सिंह, उद्योग मंच मंत्री प्रवीण सिंह, बस्ती मंडल के पदाधिकारी, कमलेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

