साइबर ठगी के शिकार युवक के 12 हजार रुपये पुलिस ने कराए वापस, पीड़ित ने जताया आभार
बस्ती। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्ती पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के 12 हजार रुपये वापस करा दिए। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के दिशा-निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में साइबर अपराध की शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र के मुड़ेरवा जेल गेट निवासी राजेश कुमार पुत्र नेबूलाल ने 12 हजार रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल कर्मी आरक्षी आदर्श सिंह, अजय कुमार पाठक और साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के बाद कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ठगी की रकम 12 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर राजेश कुमार ने कोतवाली पुलिस और साइबर टीम के प्रति आभार जताया।

