बशिष्ठ पाण्डेय
पूर्व विधायक जय चौबे ने किया शुभारंभ, नन्हे वैज्ञानिकों के आकर्षक मॉडल बने आकर्षण का केंद्र
बस्ती। बाल दिवस के अवसर पर राजन इंटरनेशनल एकेडमी, बस्ती में भव्य बाल मेले एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता, वैज्ञानिक सोच और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित बाल मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉल, स्वादिष्ट व्यंजन और विज्ञान प्रदर्शनी में प्रस्तुत आकर्षक मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बस्ती सदर के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे एवं विशिष्ट अतिथि विद्यालय की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके उपरांत अतिथियों ने बाल मेले के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का बारीकी से निरीक्षण किया। बच्चों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नन्हे विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, मेहनत और आत्मविश्वास देखकर अतिथियों ने उनकी खूब सराहना की।
बाल मेले में बच्चों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल लगाकर अपनी उद्यमशीलता और प्रबंधन क्षमता का भी परिचय दिया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में पर्यावरण, तकनीक और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर आधारित मॉडलों ने लोगों को आकर्षित किया। अभिभावकों और आगंतुकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सव के माहौल में डूबा रहा।
मुख्य अतिथि जय चौबे ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है।
विद्यालय की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ बच्चों को व्यावहारिक अनुभव देना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी छिपी हुई प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बाल दिवस पर आयोजित इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर बच्चे अपनी कल्पनाशीलता एवं प्रतिभा से नई संभावनाओं के द्वार खोल सकते हैं।


